मध्यप्रदेश: अनूपपुर में लगेगा बुद्धिजीवियों का मेला, 19-20 नवंबर को होगा प्रगतिशील लेखक संघ का राज्य स्तरीय सम्मेलन

Must Read

by सार्थक दुनिया न्यूज़, अनुपपुर (मध्यप्रदेश) | 16 नवंबर 2022

अनूपपुर | मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पहली बार 19 एवं 20 नवंबर 2022 को देश-प्रदेश के बुद्धिजीवियों का मेला लगेगा। यहां राज्य स्तरीय प्रगतिशील लेखक संघ का सम्मेलन होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित सम्मेलन में कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्ताव तो पारित किए ही जाएंगे, यहां मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, प्रगतिशील लेखक संघ मध्यप्रदेश का 13 वां राज्य सम्मेलन आगामी 19-20 नवंबर 2022 को अनूपपुर में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि, लेखक साहित्यिक परिदृश्य से संबद्ध मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे।
प्रगतिशील लेखक संघ मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित राज्य सम्मेलन के आयोजन समिति के महासचिव विजेन्द्र सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 नवंबर 2022 को स्थानीय सर लगन पैलेस कलेक्ट्रेट रोड में शाम 5.30 बजे उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विभूति नारायण राय करेंगे। वरिष्ठ वृत्त चित्र निर्देशक, वैज्ञानिक, संस्कृति कर्मी, सिने निर्देशक और शायर गौहर रज़ा मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर सुखदेव सिंह सिरसा और राष्ट्रीय सचिव मंडल सदस्य विनीत तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके साथ ही प्रगतिशील लेखक संघ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, महासचिव शैलेन्द्र शैली, राज्य अध्यक्ष मंडल के सदस्य सर्वश्री रमाकांत श्रीवास्तव, सेवाराम त्रिपाठी, कुमार अंबुज, हरिओम राजोरिया, सचिव मंडल सदस्य सर्वश्री तरुण गुहा नियोगी, अनिल करमेले, हरनाम सिंह, दिनेश भट्ट, शिवशंकर मिश्र सरस, सुश्री आरती तथा अन्य प्रतिनिधि एवं लेखक सम्मिलित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन सत्र के बाद कवि सम्मेलन तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके पूर्व दोपहर में प्रतिनिधि सत्र आयोजित होगा और 4 बजे से लेखकों और संस्कृति कर्मियों की रैली निकाली जाएगी।
20 नवंबर को 10 बजे से प्रगतिशील लेखन आंदोलन, चुनौतियां और दायित्व विषयक वैचारिक सत्र आयोजित किया गया है। इसके बाद सांगठनिक सत्र आयोजित होगा जिसमें विभिन्न प्रस्ताव पारित होंगे और प्रगतिशील लेखक संघ मध्यप्रदेश की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।
प्रगतिशील लेखक संघ मध्यप्रदेश के राज्य सम्मेलन की आयोजन समिति के महासचिव विजेन्द्र सोनी ने उद्घाटन सत्र में स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों से सम्मिलित होने की अपील की है।

 

Latest News

बालको ने कार्यस्थल की सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए

बालकोनगर, ( सार्थक दुनिया न्यूज)। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं...

बालको ने कार्यस्थल की सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न प्रशिक्षण...

बालकोनगर, ( सार्थक दुनिया न्यूज)। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने...

More Articles Like This