राज्योत्सव: देश-विदेश की आदिवासी संस्कृति के इंद्रधनुषीय रंगों के बीच आज होगी राज्योत्सव की शुरुआत, सीएम बघेल करेंगे उद्घाटन

Must Read

सार्थक दुनिया न्यूज़, रायपुर | नवंबर 01, 2022

रायपुर | देश-विदेश की आदिवासी संस्कृति के इंद्रधनुषीय रंगों के बीच तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव का रंगारंग आगाज आज मंगलवार यानी 01 नवंबर को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में सुबह 11 बजे उद्घाटन करेंगे। अतिथियों के स्वागत के लिए मैदान की साज-सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य मंच, पंडालों और स्टालों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
तीन दिनों तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के मंच पर देश-विदेश की विविधतापूर्ण आदिवासी संस्कृति के इंद्रधनुषीय रंग बिखरेंगे। प्रदेश सरकार के इस अनूठे आयोजन का यह तीसरा मौका है। साल दर साल इस आयोजन की लोकप्रियता देश-विदेश में बढ़ती जा रही है। आयोजन के दौरान आने वाले दर्शकों के लिए अनेक आकर्षण होंगे। जनजातियों की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं के साथ छत्तीसगढ़ सरकार के पौने चार वर्ष की विकास यात्रा की झलक लोगों को देखने को मिलेगी

 शिल्पग्राम में दिखेगा अनूठी कलाकृतियों का संग्रह
साइंस कालेज मैदान के सेंट्रल एरिया में जनजातीय लोककला और शिल्प पर केंद्रित शिल्पग्राम बनाया गया है। शिल्पग्राम में 40 स्टाल लगाए जाएंगे, जहां प्रदेश के प्रसिद्ध शिल्पकारों, कलाकारों, बुनकरों, स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित कलाकृतियों का अनूठा संग्रह देखने को मिलेगा। इनमें घरेलू उपयोग के सामान, कलात्मक सजावटी वस्तुएं, बेलमेटल, लौह शिल्प, काष्ठकला, बांसकला, माटी शिल्प से निर्मित कलाकृतियां प्रदर्शन और विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगी।

विकास प्रदर्शनी में 21 विभागों के स्टाल
राज्योत्सव के दौरान विकास प्रदर्शनी में शासन के 21 विभागों के स्टाल लगेंगे। इनमें कृषि विभाग-मछली पालन, पशु पालन, उद्यानिकी विभाग व अन्य संबंधित घटक, ऊर्जा विभाग, पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन व विकास विभाग, जनसंपर्क विभाग, संस्कृति व पर्यटन विभाग सहित अनेक विभागों के स्टाल बनाए गए हैं। स्टालों में विभागीय योजनाओं का विभिन्न माडलों, चित्रों, आडियो-वीडियो लघु फिल्म के माध्यम से जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर थीम हैंगर में बाल्को, बीएसपी, एसईसीएल, एनटीपीसी, एनएमडीसी सहित विभिन्न उद्योगों के स्टाल लगाए जा रहे हैं। व्यावसायिक स्टालों के लिए निर्धारित स्थान पर 40 स्टाल बनाए गए हैं। इस दौरान किताब मेला भी लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य सहायता केंद्र भी स्थापित किया गया है।
फूड जोन में मिलेगा लजीज व्यंजनों का स्वाद
छत्तीसगढ़ी पकवानों समेत अनेक तरह के लजीज व्यंजनों से सजा फूड जोन भी होगा। फूड जोन में 24 स्टाल लगाए जाएंगे, जहां छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ लोग अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का भी स्वाद ले सकेंगे।
मिस्र के नर्तक दल का विमानतल पर स्वागत
मिस्र के कलाकारों का दल राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपनी छटा बिखरने के लिए सोमवार को राजधानी पहुंचा। 23 सदस्यीय कलाकारों का दल यहां आया है, जिसमें नौ महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने इनकी गर्मजोशी के साथ अगवानी की।
अब तक 10 देशों के जनजातीय कलाकार रायपुर पहुंचे हैं। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए देश-विदेश के नर्तक दलों के आने का सिलसिला जारी है। मिस्र के अलावा टोगो, मोजांबिक, सर्बिया, इंडोनेशिया, मालदीव, मंगोलिया, न्यूजीलैंड, रशिया, रवांडा के नर्तक दल राजधानी पहुंच चुके हैं। इस नृत्य महोत्सव में विदेशों के 100 कलाकारों सहित देश के विभिन्ना राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,500 जनजातीय कलाकार शामिल होंगे।

 

Latest News

बालको ने भारतीय डाक सेवा के सहयोग से वित्तीय साक्षरता को दिया बढ़ावा

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने व्यावसायिक साझेदार के कर्मचारियों के लिए एक वित्तीय सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया।...

बालको ने भारतीय डाक सेवा के सहयोग से वित्तीय साक्षरता को...

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने व्यावसायिक साझेदार के कर्मचारियों के लिए एक वित्तीय सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजन भारतीय डाक सेवा, बिलासपुर...

More Articles Like This