• राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने 64 ई-रिक्शों का किया लोकार्पण
• ई-रिक्शों के उपयोग से डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण कार्य को मिलेगा नया आयाम, सफाई व्यवस्था होगी बेहतर
सार्थक दुनिया न्यूज़, कोरबा | 26 मार्च 2022
कोरबा | प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है तथा इस दिशा में अनेकों उपलब्धियॉं प्राप्त हुई हैं। जहॉं तक कोरबा का प्रश्न है यहॉं की सफाई व्यवस्था में काफी बदलाव आया है। सफाई व्यवस्था भी बेहतर हुई है। सफाई कार्यो में ई-रिक्शों के उपयोग से कार्यो में और अधिक बेहतरी आएगी तथा कम समय में ज्यादा अच्छा कार्य हो सकेगा।
उक्त बातें राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने नगर पालिक निगम कोरबा के केन्द्रीय भण्डारगृह में 64 ई-रिक्शों के लोकार्पण अवसर पर कही। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण कार्य हेतु 64 ई-रिक्शों को स्वच्छता संसाधनों में शामिल किया गया है। आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कुल 64 रिक्शों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर राजकिशोर प्रसाद ने की।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्यामसुंदर सोनी, आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय तथा निगम के एम.आई.सी.सदस्य, पार्षद, एल्डरमेनगण व सभी अधिकारी कर्मचारी स्वच्छता व विकास के अन्य सभी क्षेत्र में एक टीम भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। इसके सार्थक परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम आयुक्त श्री पाण्डेय व्यवस्थाओं को बनाने में लगातार लगे हुए हैं तथा व्यवस्थाएं विशेषकर साफ संबंधी व्यवस्था तेजी से सुधर रही है।
राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल के पांच वर्ष के कार्यकाल एवं वर्तमान महापौर राजकिशोर प्रसाद के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान कोरबा का तेजी से विकास हुआ है। पेयजल, बिजली, स्ट्रीट लाईट संबंधित बरसों पुरानी समस्याएं समाप्त की गई। उन्होंने कहा कि मेरा निरंतर प्रयास है कि कोरबा के विकास के लिए ज्यादा से ज्यादा राशि उपलब्ध कराई जाए, इसी कड़ी में शहर की आंतरिक सड़कों के विकास व निर्माण के लिए अभी हाल ही में 07 करोड़ रूपये की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई है।
राजस्व मंत्री के मार्गदर्शन से कोरबा बनेगा नम्बर वन : इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि निगम के सभी कार्यों के लिए राजस्व मंत्री जी का मार्गदर्शन, आशीर्वाद व सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है। विगत वर्ष कोरबा को थ्री स्टार मिला था, इस वर्ष हम फाईव स्टार से भी आगे जाएंगे। उन्होंन कहा कि अमृत महोत्सव कैम्पेन के तहत स्वच्छ कोरबा-स्वस्थ कोरबा का अभियान निगम द्वारा लगातार चलाया जा रहा है। अभी तक मेन्यूवल रिक्शे के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य होता था अब ई-रिक्शा का उपयोग होगा, जिसमें स्वच्छता दीदियों के परिश्रम व समय की बचत होगी।
स्वच्छता दीदियों के कार्य सराहनीय : इस मौके पर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में हमारी स्वच्छता दीदियों के कार्य अत्यंत सराहनीय है। उनके कार्यों की बदौलत सफाई व्यवस्था में काफी अधिक सुधार हुआ है। कोरबा में आज पहली बार इतने बडे़ पैमाने पर ई-रिक्शा का लोकार्पण किया गया। ई-रिक्शों के उपयोग से स्वच्छता दीदियों के काम आसान हो जायेंगे। बैटरी से चलने वाले इन ई-रिक्शों से प्रदूषणा भी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी निगम में ई-वाहनों के उपयोग पर बल दिया जाएगा।
इस अवसर पर सभापति श्यामसुंदर सोनी के अलावा मेयर इन काउंसिल सदस्य संतोष राठौर, रोपा तिर्की, अमरजीत सिंह, प्रदीपराय जायसवाल, कृपाराम साहू, सुखसागर निर्मलकर, पार्षद रविसिंह चंदेल, दिनेश सोनी, राजेन्द्र सूर्यवंशी, शैलेन्द्र सिंह पप्पी, लुकेश्वर चौहान, रूपसिंह गोंड़, संतोष लांझेकर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुकेश राठौर, एल्डरमेन आरिफ खान, एस.मूर्ति एवं गीता गभेल, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, कार्यपालन अभियंता भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी व सुनील वर्मा, प्रकाश चन्द्रा, देवेन्द्र सिंह, आकाश अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री बी.एन.सिंह, ठाकुर राजेन्द्र सिंह, ममता अग्रवाल, रामू चेट्टी, आर.के.पटेल, कुंजबिहारी साहू तथा निगम के अन्य कर्मचारी व आम नागरिकगण उपस्थित थे।