शादी समारोह में हिंसक मारपीट: बारात आने से पहले मांगे शराब के लिए रुपए, इनकार करने पर लड़की वालों को जमकर पीटा, कई घायल

Must Read

कोरबा, (सार्थक दुनिया न्यूज़) | औद्योगिक जिला कोरबा के बालको क्षेत्र स्थित बेलगिरी बस्ती में बुधवार की रात एक शादी समारोह में शराब की व्यवस्था को लेकर जमकर उपद्रव हुआ। इसके लिए रुपए देने से मना करने पर करीब 20-25 लोगों ने लड़की के घर वालों व रिश्तेदारों को जमकर पीटा, जिसके चलते महिलाओं समेत कई अन्य लोगों के सिर लहूलुहान हो गए। इन सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खास बात यह है कि सभी आरोपी पड़ोसी के यहां लड़के की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। वारदात के बाद सहित आरोपी मौके से फरार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बालको क्षेत्र के बेलगरी में विजय प्रजापति की बहन की शादी थी। बारात आने से पहले तेल चढ़ाने की रस्म अदायगी हो रही थी। वहीं, नजदीक के एक और घर में लड़के की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। वहां लोग डांस कर रहे थे, लेकिन देर होने के कारण डीजे बंद हो गया। आरोप है कि तभी दर्जनों लोग विजय के घर पहुंच गए। उसी के घर में साउंड बॉक्स बज रहा था। आरोपियों ने उससे डीजे बजाने की मांग की और शराब के लिए रुपयों की मांग करने लगे।
इस पर विजय और उसके घर वालों ने मना कर दिया। इसके बाद नशे में पहले से ही चूर आरोपी भड़क गए और वहां मौजूद लोगों से मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने उनको इतना पीटा कि लोगों के सिर फूट गए और सभी जगह खून-खून दिखाई देने लगा। आसपास के लोग स्थिति की गंभीरता के मद्देनजर वहां मदद के लिए भी पहुंचे। इस बीच आरोपी वहां से भाग निकले। इस मारपीट में 7 लोगों को गंभीर चोटें पहुंची है। सभी घायलों को अस्पताल में दाखिल कराने के साथ ही इस वारदात की सूचना पुलिस को दे दी गई।
विजय प्रजापति ने बताया कि आरोपियों ने न केवल उसके घर के दरवाजे तोड़ डाले बल्कि बहुत नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने विजय की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं। इसमें विजय के पड़ोसी भी शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।

 

Latest News

‘बालको’ ने भारत के सबसे बड़े स्मेल्टर से किया पहली धातु का उत्पादन, ‘वैश्विक मिलियन टन क्लब’ में हुआ शामिल

• भारत की सबसे बड़ी 525 केए स्मेल्टर से पहले धातु का उत्पादन प्रारंभ• देश के एल्यूमिनियम बाजार के...

More Articles Like This