सार्थक दुनिया न्यूज़, रायगढ़ | 15 नवंबर 2021
13 नवंबर को मणिपुर हमले में शहीद हुए कर्नल विप्लव त्रिपाठी, पत्नी अनुजा व पुत्र अबीर त्रिपाठी को अंतिम यात्रा के बाद स्थानीय सर्किट हाउस मुक्तिधाम में आज उमड़े जनसैलाब के बीच नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
रायगढ़। मणिपुर राज्य के चुराचन्दपुर जिले के ग्राम सियालसी के समीप 13 नवंबर को उग्रवादी हमले में शहीद हुए कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी धर्मपत्नी अनुजा और पुत्र अबीर त्रिपाठी का आज शाम राजकीय सम्मान के साथ रायगढ़ के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
इसके पूर्व शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी धर्मपत्नी और पुत्र का पार्थिव शरीर वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर 12.40 बजे रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पहुंचा। शहीद के अंतिम दर्शन व श्रद्धांजलि देने के लिए पूरा रायगढ़ शहर का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर सांसद रायगढ़ गोमती साय, विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक, विधायक धरमजयगढ़ लालजीत सिंह राठिया, विधायक लैलूंगा चक्रधर सिदार, विधायक सारंगढ़ उत्तरी गनपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष रायगढ़ निराकार पटेल, महापौर नगर निगम रायगढ़ जानकी काटजू, कलेक्टर भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा सहित रायगढ़ शहर के हजारों लोगों ने एयरपोर्ट कंपाउंड में शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों के पार्थिव शरीर को फूलों से सुसज्जित सेना के वाहन में उनके निवास तक लाया गया। इस बीच एयरपोर्ट से घर तक के पूरे रास्ते में उमड़ पड़े लोग रायगढ़ शहर के वीर सपूत को पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धांजली देते रहे। निवास में परिजनों द्वारा शहीदों के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन उपरांत रामलीला मैदान में शहरवासियों के लिए अन्तिम दर्शन व श्रद्धांजलि के लिए रखा गया।
इसके बाद शहीदों के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए मुक्ति धाम ले जाया गया। यहां असम राइफल्स के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अन्तिम संस्कार किया गया।