विडियो साभार: दैनिक भास्कर
कोरबा, (सार्थक दुनिया) | कुसमुंडा क्षेत्र में निवासरत 19 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। दरअसल, उसने फोन करके अपनी किडनैपिंग की बात अपने परिवार वालों को बताई है, जिसके बाद से उसके परिजनों का चिंता के मारे बुरा हाल है। फोन पर युवती ने बताया है कि उसका बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया है। इस बातचीत का ऑडियो भी सामने आया है।
लापता हुई युवती प्रियंका की मां ममता सोनवानी ने बताया कि 22 अगस्त को उनकी बेटी अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए पर्यटन स्थल सतरेंगा गई थी। वहां से वापस आने के बाद 23 अगस्त को वो काम पर गई, लेकिन उसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटी है। उसकी मां ने यह भी बताया कि जब वो देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। जहां वो काम करने जाती है, वहां भी उन्होंने पूछा, तो पता चला कि वो वहां उस दिन आई ही नहीं है।
24 अगस्त को थाने में की शिकायत
श्रीमती ममता सोनवानी ने बताया कि प्रियंका का मोबाइल भी बंद आ रहा था, फिर भी उन्हें लगा कि हो सकता है कि वो किसी रिश्तेदार के यहां चली गई होगी। उन्होंने आसपास भी उसे ढूंढा और परिवारवालों से भी पूछा, लेकिन किसी को भी उसके बारे में पता नहीं था। इसके बाद 24 अगस्त को उन्होंने कुसमुंडा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
फोन कर बोली-मुझे बचा लो
इधर, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने भी युवती को तलाश करना शुरू किया, लेकिन इसी बीच 30 अगस्त को दोपहर में प्रियंका की मौसी नेहा के नंबर पर एक कॉल आया। उन्होंने फोन उठाया, तो प्रियंका ने रोते हुए कहा कि मुझे कुछ लोगों ने अगवा कर लिया है। उनके पास बंदूकें भी हैं। मैं बहुत दूर हूं, मुझे बचा लो मौसी। इसके बाद फोन कट गया। इसका ऑडियो मौसी नेहा ने रिकॉर्ड करके रखा है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को भी दी है। मौसी ने बताया कि फोन कटने के बाद जब उन्होंने उसी नंबर पर कॉल किया, तो फिर वो स्विच ऑफ बताने लगा।
इस मामले में कुसमुंडा थाना प्रभारी नवीन देवांगन ने बताया कि पीड़ित परिवार ने युवती के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही युवती को ढूंढ लिया जाएगा। परिजनों ने SP संतोष सिंह को भी मामले की जानकारी दी है और उनकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है। पुलिस ने सोमवार को पूरे मामले की जानकारी सामने दी है।