• बाॅलीवुड सिंगर पलक मुच्छल, हार्डी संधु, छत्तीसगढ़ी स्टार अनुज शर्मा, आरू साहू, सहदेव दिर्दो देंगे प्रस्तुति
• विभागों द्वारा लगाये जाएंगे 25 स्टाॅल
• कार्यक्रम के आयोजन के लिए तैयार हो रहा है भव्य व आकर्षक पंडाल
कोरबा, (सार्थक दुनिया) | महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली में 18 व 19 फरवरी को आयोजित होने वाले पाली महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पाली- तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा और कलेक्टर संजीव झा आज स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ केराझरिया स्थित मैदान पहुंचे। कलेक्टर श्री झा ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पाली महोत्सव के आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौसेवा आयोग के सदस्य प्रशांत मिश्रा, श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य नवीन सिंह, पुलिस अधीक्षक उदय किरण, अपर कलेक्टर कटघोरा विजेंद्र पाटले, अपर कलेक्टर कोरबा प्रदीप साहू, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, एसडीएम पाली शिव बनर्जी सहित पीडब्ल्यूडी, सीएसईबी एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
पलक मुच्छल एवं हार्डी संधु के गायिकी का दर्शकगण लेंगे आनंद
8 फरवरी को बाॅलीवुड सिंगर पलक मुच्छल अपनी प्रस्तुति देंगी। साथ ही बचपन का प्यार फेम सहदेव दिर्दो भी अपनी प्रस्तुति देंगे। 19 फरवरी को फेमस पाॅप सिंगर हार्डी संधु और स्टार प्लस वाॅइस ऑफ इंडिया फेम जाकिर हुसैन अपनी गायिकी से लोगों को रिझाएंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ की उभरती गायिका आरू साहू भी छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति देंगी। पाली महोत्सव के दौरान कठपुतली नृत्य शिव महिमा, शिव ताण्डव, राधा कृष्ण नृत्य एवं बाॅलीवुड डांस ग्रुप कोलकाता द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया जाएगा।
पाली महोत्सव में विभिन्न विभाग व संस्थानों के लगेंगे 25 स्टॉल
पाली महोत्सव के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों व औद्योगिक संस्थानों की ओर से स्टाल भी लगाए जाएंगे, जिसके लिए आवश्यक स्टॉलों का आवंटन कर दिया गया है। महोत्सव में जिनके स्टाल लगेंगे उसमें पुलिस कंट्रोल रूम (निजात), एनटीपीसी, बाल्को, एसईसीएल, क्रेडा, सीएसईबी, पीएचई, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग ( फूड स्टॉल), महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (जिला पंचायत), कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, उद्यानिकी विभाग मत्स्य पालन विभाग पशु चिकित्सा विभाग नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विभाग (उत्पाद) सहित 25 स्टॉल लगेंगे।