बालकोनगर | विश्व में आपदा लेकर आई कोरोना महामारी से लड़ने हेतु जिले का स्वास्थ्य महकमा, प्रशासन एवं अन्य समाजसेवी संस्थाएं अपनी ओर से पुरजोर कोशिशों में जुटी हुई हैं। बावजूद इसके संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है जिससे लोगों को चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
मरीजों की संख्या बढ़ने से दवा, इंजेक्शन, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं मरीजों को लाने एवं पहुंचाने हेतु एंबुलेंस जैसी बेहद महत्वपूर्ण संसाधनों में कमी आती जा रही है। समाज की इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए नेताप्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, गजेंद्र मानसर, विजय गुप्ता, कमलजीत सिंह अरोरा एवं कैलाश टांक के द्वारा पूर्णत: नि:शुल्क, ऑक्सीजन सिलेंडर युक्त एंबुलेंस कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए प्रदान की गई है।
एंबुलेंस के विधिवत शुभारंभ/ उद्घाटन अवसर पर लोगों की उपस्थिति में बालको प्रशासन प्रमुख अवतार सिंह ने नारियल तोड़कर एंबुलेंस का उद्घाटन किया। उपस्थित सभी लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णत: पालन करने हुए एक-दूसरे को आत्मिक बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद फिरत राम साहू एवं विजय सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में भाजपा के सभी 30 पार्षदों का हमें सहयोग प्राप्त होगा। अभी हम सभी के द्वारा लोगों को नि:शुल्क रूप में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आज से नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिसके लिए फोन नंबर 09826140033 (गजेंद्र) 9827400414 (मोहन) 8319714698 (अमित) आज जारी किया गया है। आवश्यकता के अनुरूप इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।