छत्तीसगढ़ में 21 IAS के तबादले: एम. गीता को दिल्ली भेजा, उनकी जगह GAD सचिव डॉ. कमलप्रीत को कृषि आयुक्त बनाया, RDA में भी नए अफसर की तैनाती

Must Read

सार्थक दुनिया न्यूज़ रायपुर


राज्य सरकार ने आज मंत्रालय के विभिन्न विभागों और कुछ निगम-मंडलों में प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसकी जद में अभी भारतीय प्रशासनिक सेवा के 21 अधिकारी आए हैं। इसमें शीर्ष पदों पर बैठे अधिकारी भी शामिल हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त रहीं 1997 बैच की अफसर डॉ. एम. गीता को दिल्ली में छत्तीसगढ़ का आवासीय आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह सामान्य प्रशासन सहित कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. कमलप्रीत सिंह कृषि सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार देर शाम तबादला आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू की प्रोफाइल से जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अभी तक छत्तीसगढ़ भवन, दिल्ली में आवासीय आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ को अन्य जिम्मेदारियों के साथ प्रमुख आवासीय आयुक्त बनाया गया है। यह व्यवस्था डॉ. एम. गीता को आवासीय आयुक्त बनाने के लिए ही हुई है। बताया जा रहा है, डॉ. गीता पारिवारिक वजह से दिल्ली में रहना चाहती थीं। उसके लिए वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी जाने की कोशिश में थीं। नई व्यवस्था से यह उनके लिए आसान हो जाएगा। सरकार ने रायपुर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी भी बदली है। 2014 बैच के अफसर ऋतुराज रघुवंशी को रायपुर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। अभी तक वे भिलाई नगर निगम के आयुक्त हैं। अभी तक RDA के CEO रहे अय्याज फकीरभाई तंबोली को लेकर अभी कोई आदेश नहीं आया है।

थप्पड़मार IAS को तीन महीने बाद पोस्टिंग
जशपुर कलेक्टर रहते हुए एक युवक को थप्पड़ मारकर चर्चित हुए IAS रणवीर शर्मा को तीन महीने बाद पोस्टिंग मिली है। सरकार ने थप्पड़ कांड के बाद मई में ही उन्हें मंत्रालय बुला लिया था। अब उन्हें सहकारी दुग्ध महासंघ का प्रबंध संचालक के साथ कृषि विभाग में संयुक्त संचालक और राज्य जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन एजेंसी का CEO बनाने का आदेश जारी हुआ है।

एलेक्स पॉल मेनन को अकादमी भेज दिया, परदेशी अधिक ताकतवर
सरकार ने 2006 बैच के अफसर एलेक्स पॉल मेनन को सभी पदों से हटाकर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी का संचालक बनाकर भेजा है। अभी तक वे श्रमायुक्त के साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी की प्रोफाइल अधिक ताकतवर हुई है। उन्हें अन्य जिम्मेदारियों के साथ खनिज साधन विभाग का सचिव भी बना दिया गया है। उनकी प्रोफाइल से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अलग किया गया है।

 खेल से चंपावत को हटाकर एक्का को लाए
सरकार ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी बदली है। अविनाश चंपावत को जल संसाधन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी से हटाकर संसदीय कार्य विभाग का सचिव बनाया गया है। खेल विभाग के सचिव की जिम्मेदारी अब नीलम नामदेव एक्का को दी जा रही है। एक्का अभी तक जन शिकायत और विमानन विभाग देख रहे थे।

 पाठ्य पुस्तक निगम का भी निजाम बदला
इस बदलाव में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम का निजाम भी बदल गया है। अभी तक निगम के MD रहे अभिजीत सिंह को संचालक भू-अभिलेख बनाया जा रहा है। उनके साथ गृह विभाग के संयुक्त सचिव और शासकीय मुद्रण के संचालक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी रहेगी। हाथकरघा विकास विपणन संघ के प्रबंध संचालक रहे राजेश सिंह राणा को अब पाठ्य पुस्तक निगम संभालना है। उनके पास स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।

Latest News

अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा, लंदन जा रहा एअर इंडिया का प्लेन टेक ऑफ के तुरंत बाद क्रैश, 242 लोग थे सवार

अहमदाबाद, सार्थक दुनिया न्यूज अहमदाबाद एयरपोर्ट से प्लेन के टेक ऑफ करने के तुरंत बाद यह हादसा हुआ. जानकारी के...

अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा, लंदन जा रहा एअर इंडिया का...

अहमदाबाद, सार्थक दुनिया न्यूज अहमदाबाद एयरपोर्ट से प्लेन के टेक ऑफ करने के तुरंत बाद यह हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक यह विमान अहमदाबाद से...

More Articles Like This