पत्थलगांव, सार्थक दुनिया न्यूज़ ||
जशपुर | जशपुर जिले के पत्थलगांव में आज बड़ा हादसा हो गया। यहां नशेड़ियों ने गांजे से भरी अपनी तेज़ रफ़्तार कार को भीड़ पर चढ़ा दी। इस दुर्घटना में जहां 4 लोगों की मौत हो गई है वहीं 20 लोग घायल भी हुए हैं। जानकारी के अनुसार इस कार में एक क्विंटल गांजा भरा हुआ था।
दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो (Video) भी सामने आया है। खबर मिलते ही कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गये। इस मामले में ASI को सस्पेंड और थाना प्रभारी संतलाल आयाम को लाइन अटैच कर दिया गया है। कार सवार 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आज विजयादशमी के दिन जशपुर के पत्थलगांव में यहां के लोग दुर्गा मूर्ति विसर्जन की झांकी निकाल रहे थे। उसी दौरान एक तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीड़ पर चढ़ गयी। कार में सवार लोग स्मैकिया बताये गए हैं। गाड़ी में गांजा भरा हुआ था। गाड़ी के भीड़ पर चढ़ते ही मूर्ति विसर्जन में शामिल रहे लोगों के बीच भगदड़ मच गयी और घटना स्थल पर चीख पुकार की स्थिति बन गई।

दिल दहलाने वाला Video
इस दुर्घटना का दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि लोग दुर्गा मूर्ति विसर्जन के लिए शांतिपूर्ण तरीके से भजन गाते हुए जा रहे थे। उसी दौरान धार्मिक भीड़ में अचानक एक तेज रफ्तार गाड़ी घुस आयी औऱ लोगों को रौंद दिया।










