कोरबा कलेक्टर श्रीमती रानू साहू (फाइल फोटो)
बड़ी प्रशासनिक सर्जरी |
रायपुर (सार्थक दुनिया न्यूज़) | आज प्रदेश की भूपेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 जिलों के कलेक्टरों सहित 29 आईएएस अफसरों के प्रभार बदल दिए हैं। रायपुर के कलेक्टर अब सौरभ कुमार होंगे जबकि भारतीदासन नये डीपीआर बनाए गए हैं। वे मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी होंगे। अब तक मुख्यमंत्री के उपसचिव और जनसंपर्क के संचालक रहे तारन प्रकाश सिन्हा को राजनांदगांव का कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा कोरबा, धमतरी, मुंगेली, बलरामपुर, कोरिया और जांजगीर-चांपा के कलेक्टरों को बदल दिया गया है।
राज्य सरकार द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार- 2010 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती रानू साहू को कोरबा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। अब तक कोरबा कलेक्टर रहीं श्रीमती किरण कौशल को संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण के पद पर पदस्थ किया गया है।
पदुम सिंह एल्मा अब धमतरी के कलेक्टर होंगे. बलरामपुर कलेक्टर श्याम धावड़े को कोरिया कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है. बस्तर जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल को बलरामपुर कलेक्टर बनाया गया है. जितेंद्र शुक्ला को जांजगीर और अजीत बसंत को मुंगेली कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कमलप्रीत सिंह स्कूल शिक्षा विभाग के नये सचिव होंगे। नई पद-स्थापना में उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग के साथ-साथ DPI और मिशन संचालक समग्र शिक्षा की भी जिम्मेदारी दी गयी है।














